रांची में झामुमो का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, अल्बर्ट एक्का चौक पर फूंका पुतला

Spread the love

रांची: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET 2026), सीबीएसई मार्किंग में कथित गड़बड़ियों और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला समिति ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।


झामुमो के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने किया। प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र मोर्चा के सदस्य जिला स्कूल परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे, जहां पुतला दहन किया गया।


इस दौरान मुस्ताक आलम ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राएं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, NEET 2026 और सीबीएसई मार्किंग में हुई कथित गड़बड़ियों तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज और उनके साथ किया गया व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि झामुमो छात्रों के साथ खड़ा है और केंद्र सरकार से मांग करता है कि NEET परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।


प्रदर्शन में झामुमो के कई केंद्रीय, जिला और महानगर स्तर के पदाधिकारी, छात्र मोर्चा के नेता तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply