
गढ़वा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति गढ़वा की ओर से मंगलवार को शहर स्थित शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर टाउन हॉल में बूथ सशक्तिकरण सह बीएलए-2 का जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलए-2 को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत हूल दिवस के अवसर पर अमर शहीद सिदो-कान्हो की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीएलए-2 से अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो समय रहते उसका सुधार और नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

उन्होंने कहा कि बीएलए-2 की भूमिका केवल संगठनात्मक नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की भी है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि सभी बीएलए पूरी निष्ठा के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं को जागरूक करें तथा मतदाता सूची में नाम से संबंधित त्रुटियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल और असम की तरह झारखंड में भी एसआईआर अभियान के दौरान अधिक संख्या में मतदाताओं के नाम कटने की आशंका को देखते हुए पूरे राज्य में जिला स्तरीय बीएलए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सभी पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रह सकें।

प्रशिक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने बीएलए-2 को मतदाता सूची पुनरीक्षण, आवश्यक प्रपत्रों के उपयोग, दस्तावेजों की जांच तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बूथ स्तर पर आने वाली चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम में भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव सहित झामुमो के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी, बीएलए-2, बूथ प्रभारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में गढ़वा जिले के प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा एक भी पात्र मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रहे, इस संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
