बिहार चुनाव में झामुमो की एंट्री – राजद-कांग्रेस पर धोखे का आरोप, 6 सीटों पर उतरेगी पार्टी

Spread the love

कांग्रेस और राजद, खाशकर राजद ने इंडिया एलायंस के अहम पार्टनर झामुमो को बिहार में धोखा देने का काम किया है। कई मौकों पर हमने राजद को अपनी बातें खुलकर रखीं। कांग्रेस आलाकमान के पास भी रखी गयीं। अपने चिन्हित सीटें भी बताई। यह भी बताया गया कि झामुमो के रहने से बिहार चुनाव में महागठबंधन को क्या फायद और क्या नुकसान होगा। हमें आश्वासन पर आश्वासन और इंतजार करने की नसीहतें मिलती रही। मगर इंतजार की सीमाएं समाप्त हो गयीं। झामुमो सबकुछ बर्दाश्त कर सकता है मगर सम्मान से समझौता नहीं कर सकता है। इसलिए पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि वह बिहार विधान चुनाव में छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जिसमें चकाई, धमदाहा, कटोरिया, मनिहारी, जमुई, पीरपैंती आदि शामिल है। जिसमें से कटोरिय और मनिहारी अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट है वहीं पिरपैंती अनुसूचित जाति सीट है। आगामी दिनों में सीटों की संख्या 10 तक  पहुंच सकती है। यह बातें झामुमो केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्‌टाचार्य ने पार्टी कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कही।



झारखंड में राजद को हमेशा सम्मान दिया, एक विधायक को भी पांच साल तक मंत्री बनाया

सुप्रियो ने कहा कि झारखंड में हमेशा ही राजद को सम्मान देने का काम किया। 2019 में सात सीटें उसे दिया। जिसमें एक मात्र विजयी सत्यानंद भोक्ता को पांच साल तक कैबिनेट मंत्री बनाया। मुख्यमंत्री ने खुद उन्हें निजी तौर पर सम्मान दिया, हर कार्यक्रम में उन्हें महत्व दिया, साथ-साथ लेकर गए। 2024 के चुनाव मंे राजद को छह सीटें दी गयी। जिसमंे चार विजयी हुए, उसमें एक को कैबिनेट मंत्री सहित महत्वपूर्ण विभाग दिया गया।

बिहार चुनाव के बाद झारखंड में गठबंधन की होगी समीक्षा
सुप्रियो ने कहा कि हमेशा इंडिया गठबंधन के साथ खड़ा रहा। हमें सम्मान को चोट पहुंची है। हम गुरूजी के आदर्श पर चलने वालों लोग हैं। गुरूजी ने कहा कि सबका सम्मान करो। मगर जो सम्मान के साथ खिलवाड़ करे, उसके खिलाफ संघर्ष करो। हमारी पार्टी का एक मजबूत आधार बिहार में है। हम बिहार में मान्यता प्राप्त पार्टी नहीं है। इसके बावजूद हम बिहार में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगे ताकि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो सके। यह लड़ाई अब बहुकोणीय होगी, आगामी दिनों में बिहार में सरकार झामुमो के बिना न बने, इसको लेकर पार्टी पूरी मजबूती के साथ उतरेगी।


हेमंत-कल्पना समेत 20 स्टार प्रचारक बिहार में करेंगे चुनावी प्रचार

सुप्रियो ने बताया कि बिहार चुनाव प्रचार के लिए पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। चुनाव आयोग को इसकी सूचना दे दी गयी। बिहार में हमारी पार्टी की ओर से पार्टी केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक बंसत सोरेन, विधायक  प्रो. स्टीफन मरांडी, विधायक मो ताजुद्दीन, उदय शंकर सिंह, विधायक हेमलाल मुर्मू, मंत्री दिपक बिरूआ, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, हफीजुल अंसारी, सांसद विजय हांसदा, सुप्रियो भट्‌टाचार्य, विनोद कुमार पांडेय, अभिषेक प्रसाद पिंटू, फागू बेसरा, पंकज मिश्रा, सुनील श्रीवास्तव आदि शामिल हैं।

Leave a Reply