पाकुड़ में झामुमो की SIR कार्यशाला, विनोद पांडेय बोले- मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर बूथ पर रहें सक्रिय

Spread the love

पाकुड़: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से पाकुड़ के रविंद्र भवन में जिला स्तरीय एक दिवसीय विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यशाला सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने की।


कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल सांसद विजय हांसदा तथा लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का आदिवासी परंपरा के अनुसार स्वागत एवं सम्मान किया गया।


अपने संबोधन में विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम हटाने के किसी भी प्रयास का झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करने और छूटे हुए नामों को जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।


वहीं पंकज मिश्रा ने BLA-2 और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संगठन विस्तार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

राजमहल सांसद विजय हांसदा ने कहा कि बूथ स्तर के पदाधिकारी ही संगठन की असली ताकत हैं और उन्हें अपने क्षेत्र के योग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सक्रिय रहना चाहिए। वहीं विधायक हेमलाल मुर्मू ने SIR प्रक्रिया की जानकारी देते हुए प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की मैपिंग में सहयोग करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में जिले भर से हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, BLA-2 सदस्य और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply