
रांची: JTET-2026 परीक्षा में सामने आई विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी आवाज बुलंद की है। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने माननीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में मुख्य रूप से OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) से संबंधित गड़बड़ी के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र में हुई त्रुटियों का मुद्दा उठाया गया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि इन तकनीकी और प्रशासनिक गलतियों का खामियाजा परीक्षार्थियों को नहीं भुगतना चाहिए। उन्होंने मांग की कि परीक्षा परिणाम तैयार करते समय इन सभी त्रुटियों का निष्पक्ष आकलन किया जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित न हो।
इस दौरान अभ्यर्थियों ने मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर समस्याओं के न्यायसंगत समाधान की पहल करने का आग्रह किया।
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार ने स्पष्ट कहा कि तकनीकी एवं प्रशासनिक त्रुटियों की सजा अभ्यर्थियों को नहीं मिलनी चाहिए। छात्र हित सर्वोपरि है और हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
अब देखना होगा कि JTET-2026 की इन समस्याओं पर संबंधित विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।