
रांची, 29 जुलाई 2026: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुई झारखंड की बेटी एवं आदिवासी छात्रा नूतन टोपो से बुधवार को झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने रांची स्थित ग्लोबल अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की।
यह मुलाकात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर की गई। इस दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने नूतन टोपो के स्वास्थ्य की जानकारी ली और इलाज कर रहे चिकित्सकों से उनकी चिकित्सीय स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।

मंत्री ने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि नूतन टोपो को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने नूतन टोपो के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि “झारखंड की बेटी अकेली नहीं है। राज्य सरकार हर परिस्थिति में उसके साथ मजबूती से खड़ी है। हमें विश्वास है कि नूतन जल्द स्वस्थ होकर नए उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों की उड़ान फिर से भरेगी।”
उन्होंने ईश्वर से नूतन टोपो के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
