
सीएमपीडीआई (CMPDI) और एम्स (AIIMS), नागपुर के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता सीएमपीडीआई की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) परियोजना “अन्नपूर्णालयम” के अंतर्गत किया गया है, जिसके माध्यम से एम्स नागपुर में मरीजों के परिचारकों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस सीएसआर पहल के तहत एम्स नागपुर परिसर में लगभग 400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का एक आधुनिक भोजन कक्ष का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर कुल ₹1.85 करोड़ की लागत आएगी, जिससे अस्पताल में इलाजरत मरीजों के साथ आए उनके परिजनों को आरामदायक एवं स्वच्छ वातावरण में भोजन की सुविधा मिल सकेगी।
समझौता ज्ञापन पर सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) श्री शंकर नागाचारी की उपस्थिति में क्षेत्रीय संस्थान-4, नागपुर के क्षेत्रीय निदेशक श्री राजेश राल्हन तथा एम्स नागपुर के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) प्रशांत पी. जोशी ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर श्री शंकर नागाचारी ने कहा कि इस प्रकार की पहल सीएमपीडीआई की सतत और सार्थक सीएसआर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के कल्याण हेतु सीएमपीडीआई भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य करता रहेगा।
यह परियोजना न केवल मरीजों के परिचारकों को राहत पहुंचाएगी, बल्कि स्वास्थ्य संस्थानों में मानवीय सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।