
इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी झारखंड की राजधानी रांची में अपना एक और नया घर बनाने जा रहे हैं।
यह घर रांची रिंग रोड़ के पास सेंबो स्थित पहाड़ों पर बनाया जायेगा। धोनी ने यहां एक एकड़ 92 डिसमिल जमीन खरीदी है। सेंबो के प्लॉट नंबर 822, 1314, 1322 और 1324 उनके नाम पर दर्ज हैं। जमीन के ठीक बगल में सीआरपीएफ कैंप स्थित है और धोनी भी इसी कैंप की तर्ज पर उंचे पहाड़ पर घर बनाएंगे।
धोनी ने रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार से तीन तल्लों के घर के निर्माण की अनुमति मांगी थी। इसके लिए उनकी पत्नी साक्षी सिंह धोनी के नाम से आरआरडीए में नक्शा स्वीकृति हेतु आवेदन किया गया था। लेकिन भूमि का स्वरूप कृषि योग्य होने के कारण नियमानुसार धोनी को केवल सात मीटर उंचाई तक निर्माण की ही मंजूरी दी गयी है। इसी के आधार पर धोनी का नया घर G प्लस वन तल्ला का होगा। धोनी के इस नये ड्रीम होम का डिजाइन जयपुर के आर्किटेक्ट शांतुनु गर्ग ने तैयार किया है। शांतुनु गर्ग देश के उन चर्चित युवा वास्तुकारों में शामिल हैं, जिन्होंने कई लग्जरी फार्महाउस और हाई-एंड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट बनाये हैं। विश्व भर में उनकी पहचान मॉडर्न आर्किटेक्चर और नेचर-इंटीग्रेटेड डिजाइन के लिए है।

एक एकड़ 92 डिसमिल जमीन पर बनेगा घर कुल 2210 वर्गमीटर होगा बिल्ट-अप एरिया
ग्राउंड फ्लोर में बड़ा हॉल और मल्टी कार गैरेज
प्रथम तल पर आपस में जुड़े तीन यूनिट का निर्माण
हर यूनिट में चार-चार कमरे होंगे
घर के पीछे की ओर 15 गुणा 25 फीट का ओपन रिक्रिएशनल एरिया रहेगा।