
रांची: झारखंड सरकार ने दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रस्तावित निवेशक सम्मेलन (Investors Meet) की तारीख में बदलाव कर दिया है। अब यह सम्मेलन 8 और 9 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। केंद्र सरकार के कार्यक्रम के कारण सम्मेलन की तारीख बदली गई है।
इस निवेशक सम्मेलन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं शामिल होंगे और देशभर के उद्योगपतियों एवं निवेशकों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। सम्मेलन के दौरान उद्योग, माइनिंग, पर्यटन, कृषि, शिक्षा, आईटी और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।

राज्य सरकार इस अवसर पर अपनी पहली AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पॉलिसी, नई उद्योग नीति, टेक्सटाइल पॉलिसी तथा JIADA (झियाडा) रेगुलेशन का ड्राफ्ट भी जारी करेगी। इन नीतियों पर निवेशकों से सुझाव और राय ली जाएगी, ताकि उन्हें और अधिक प्रभावी एवं निवेशकों के अनुकूल बनाया जा सके।
इसके अलावा सरकार आईटी पार्क फेज-2 के लिए आईटी कंपनियों को निवेश का न्योता देगी। लगभग 100 एकड़ भूमि पर नया आईटी पार्क विकसित करने की योजना है। साथ ही झारखंड में उपलब्ध क्रिटिकल मिनरल्स और लिथियम जैसे खनिजों के क्षेत्र में भी निवेश आकर्षित करने की रणनीति तैयार की गई है।

राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
