
रांची: राजधानी रांची स्थित झामुमो के केंद्रीय कार्यालय में गुरुवार को झामुमो रांची जिला एवं महानगर संयोजक मंडली के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ सदस्यों के साथ-साथ पार्टी के प्रत्येक स्तर के कार्यकर्ता संगठन की मजबूती में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उन्होंने विशेष रूप से BLA-2 एजेंटों से निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि SIR प्रक्रिया के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

बैठक में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न
जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे, इसके लिए झामुमो का प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।

