
रांची: झारखंड में फिल्म और टेलीविजन शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की स्थापना के लिए प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में 22 जुलाई को झारखंड फिल्म एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच हुए एमओयू के बाद इस प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है।

इसी क्रम में SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ सूचना भवन पहुंचे। यहां उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर संस्थान की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की तथा सूचना भवन में उपलब्ध संसाधनों और स्पेस का निरीक्षण किया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद ने बताया कि JFTI के शुरुआती चरण में शॉर्ट-टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। इनमें पार्ट-टाइम, फुल-टाइम और इवनिंग क्लास की सुविधा होगी। कोर्स की अवधि एक, दो, तीन और छह महीने तक रखी जाएगी ताकि विद्यार्थी और कामकाजी युवा अपनी सुविधा के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

SRFTI के तकनीकी सहयोग से साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषयों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। संस्थान के लिए ब्लूप्रिंट तैयार करने, क्लासरूम डिजाइन और तकनीकी सुविधाओं के विकास में भी SRFTI सहयोग करेगा।

कुलपति समीरन दत्ता ने कहा कि JFTI झारखंड के युवाओं के लिए फिल्म और मीडिया क्षेत्र में नए अवसरों का द्वार खोलेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि संस्थान के पूर्ण रूप से शुरू होने के बाद राज्य के मीडियाकर्मियों के लिए भी शॉर्ट-टर्म ट्रेनिंग प्रोग्राम संचालित किए जाएं, ताकि वे आधुनिक फिल्म और मीडिया तकनीकों से परिचित हो सकें। उन्होंने फिल्म एप्रिशिएशन कोर्स से शुरुआत करने का भी सुझाव दिया।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा SRFTI के कई अधिकारी और विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।
