राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के पुरोहितों ने मनाया क्रिसमस गैदरिंग, महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में हुआ आयोजन ।

Spread the love

राँची : क्रिसमस पर्व के आगमन से पूर्व राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के पुरोहितों ने मंगलवार को संत योसेफ क्लब, राँची में भव्य एवं आध्यात्मिक क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अगुवाई राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने की।

क्रिसमस को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। घरों की साफ़-सफाई और सजावट अंतिम चरण में है, वहीं डॉ. कामिल बुल्के पथ रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा है। ऐसे ही उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संत योसेफ क्लब में यह विशेष क्रिसमस गैदरिंग आयोजित की गई, जिसमें महाधर्मप्रांत के सभी पुरोहितों ने भाग लिया।


यह क्रिसमस गैदरिंग केवल उत्सव और आनंद तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह क्रिसमस के लिए आध्यात्मिक तैयारी का भी महत्वपूर्ण अवसर बना। कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र साक्रामेंट की आराधना से हुई। इस दौरान सभी पुरोहितों ने पाप स्वीकार संस्कार में भाग लेकर स्वयं को आध्यात्मिक रूप से पवित्र किया।

महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने अपने आध्यात्मिक संबोधन में सेवा भाव, विनम्रता और समर्पण के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। इसके पश्चात सभी पुरोहितों ने मिस्सा बलिदान में भाग लिया। इस दौरान फ़ा० जेवियर मिंज के लिए विशेष प्रार्थना अर्पित की गई, जिन्होंने अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश किया है। मिस्सा के समापन पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने फ़ा० जेवियर मिंज को शॉल ओढ़ाकर एवं फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद चरनी की आशीष दी गई और सभी ने मिलकर क्रिसमस कैरोल गाए।

कार्यक्रम के अंत में महाधर्माध्यक्ष ने सभी पुरोहितों को क्रिसमस उपहार प्रदान किए और क्रिसमस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के साथ रांची काथलिक के विकास जनरल फ़ा० आनंद डेविड खलखो, फ़ा० अल्बर्ट लकड़ा, फ़ा० लूकस रूडा, फ़ा० रॉबर्ट मिंज, फ़ा० बिपिन काण्डुलना, फ़ा० शिशिर सुरीन सहित अनेक पुरोहितगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply