स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का खुद बिगड़ा स्वास्थ्य, भावुक पोस्ट में साझा की अपनी हालत

Spread the love

रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी है। मंत्री ने लिखा कि आज उनका शरीर थका हुआ है और मन भी बोझिल महसूस कर रहा है, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद से उन्होंने अपना आराम और अपनी सेहत झारखंड की जनता के नाम कर दी है।


अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि दिन हो या रात, गांव हो या शहर मेडिकल कॉलेज, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मेडिकल यूनिवर्सिटी, सदर अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी—हर जगह वे सिर्फ एक ही सोच के साथ काम कर रहे हैं कि राज्य का कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में टूटे नहीं, बिखरे नहीं।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चार करोड़ झारखंडवासी उनसे उम्मीद लगाए बैठे हैं और उस भरोसे का बोझ वे रोज़ अपने सीने पर महसूस करते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि इलाज हर इंसान का अधिकार है—चाहे वह अमीर हो या गरीब—और उसी इंसाफ़ को ज़मीन पर उतारने की लड़ाई वे रोज़ लड़ रहे हैं।
हालांकि, मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि जब कुछ गैर-जिम्मेदार लोग, स्वार्थी तत्व और तथाकथित पत्रकार स्वास्थ्य विभाग को बदनाम करने का काम करते हैं, तो यह भीतर तक पीड़ा देता है। उन्होंने कहा कि इतनी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के बावजूद सिर्फ आरोप झेलना मन को तोड़ देता है।


मंत्री ने अपील करते हुए कहा कि अगर कहीं कोई कमी, तकलीफ या समस्या है तो सीधे उन्हें बताया जाए, लेकिन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीति न की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य पर राजनीति बहुत निर्दयी होती है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह तो बस शुरुआत है और आने वाला समय बताएगा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था देश की बेहतरीन व्यवस्थाओं में खड़ी होगी।


पोस्ट के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि तबीयत खराब होने के बावजूद फाइलें नहीं रुक सकतीं और फैसले टल नहीं सकते, क्योंकि किसी मां को बेटे का इलाज चाहिए और किसी गरीब को उम्मीद। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें अपने आराम से ज्यादा जनता की ज़िंदगी प्यारी है और वे झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को बदलकर ही दम लेंगे।

Leave a Reply