भाजपा को हेमंत सरकार पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं: जेएमएम प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ।

Spread the love

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को हेमंत सरकार पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।


विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि जेपीएससी से जुड़ी अनियमितताओं की शिकायत मिलते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सरकार ने प्राथमिकी दर्ज कराई, जांच एजेंसी को जेपीएससी कार्यालय भेजा गया और चेयरमैन सहित संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं, जो सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती हैं।


उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, मूलवासियों और अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाना है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।

जेएमएम प्रवक्ता ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके शासनकाल में भी जेपीएससी परीक्षाएं लगातार विवादों, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर कई सवाल उठे, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ।


विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा आज राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं के हितैषी होने का दावा कर रही है, जबकि उसका अपना कार्यकाल भर्ती विवादों से घिरा रहा है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार किसी भी प्रकार की अनियमितता पर पर्दा डालने के बजाय कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का मानना है कि युवाओं का विश्वास ही राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है और इस विश्वास को बनाए रखने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

Leave a Reply