
रांची नगर निगम चुनाव को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। नगर निगम की वार्डवार आरक्षण सूची पूरी तरह तैयार कर ली गई है, जिस पर उपायुक्त ने अपनी सहमति दे दी है। अब यह आरक्षण सूची राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी, जिसके बाद नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र के कुल 53 वार्डों में से 27 वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं। वहीं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए 11 वार्ड आरक्षित किए गए हैं, जबकि अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए 2 वार्ड आरक्षित होंगे। इसके अतिरिक्त अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ओबीसी-वन) के लिए 3 वार्ड और पिछड़ा वर्ग-दो (ओबीसी-टू) के लिए 4 वार्ड आरक्षित किए गए हैं।
महिला आरक्षण के तहत कुल 18 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें अनुसूचित जनजाति महिला, अनुसूचित जाति महिला, पिछड़ा वर्ग महिला एवं सामान्य वर्ग महिला के लिए अलग-अलग वार्ड निर्धारित किए गए हैं।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार देर रात उपायुक्त द्वारा आरक्षण सूची पर सहमति प्रदान की गई है। सूची राज्य निर्वाचन आयोग को भेजे जाने के बाद आयोग को इसमें संशोधन करने का अधिकार रहेगा। यदि किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया गया, तो इसी आरक्षण सूची के आधार पर उम्मीदवारों का चयन और चुनाव की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
आरक्षण सूची के सार्वजनिक होने के बाद राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और भी बढ़ेगी।