
रांची: राजधानी रांची के समग्र और सुनियोजित विकास को लेकर महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार मुलाकात की।
बैठक के दौरान महापौर ने रांची की बढ़ती आबादी और शहरी जरूरतों का उल्लेख करते हुए बेहतर सड़क, जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छता, हरित क्षेत्रों के विकास तथा आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से रांची को एक स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपमहापौर नीरज कुमार भी मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शहर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर केंद्रीय मंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रांची के विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
महापौर कार्यालय के अनुसार, इस मुलाकात का उद्देश्य रांची में आधारभूत संरचना को मजबूत करना, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना तथा शहर के सतत विकास के लिए केंद्र सरकार का सहयोग सुनिश्चित करना है।
