रांची में बर्थडे पार्टी के बहाने युवती से दुष्कर्म, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

Spread the love

रांची: राजधानी रांची से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दोस्त की जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर एक युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार, पीड़िता जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में रहकर एमबीबीएस की तैयारी कर रही है। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि 9 अप्रैल को उसकी सहेली ओली विश्वकर्मा ने उसे गोकुल वाटिका स्थित फ्लैट में जन्मदिन पार्टी के लिए बुलाया था।


पीड़िता के मुताबिक, उसे बताया गया था कि पार्टी में कई लड़कियां भी शामिल होंगी, लेकिन वहां पहुंचने पर उसने देखा कि केवल कुछ युवक मौजूद थे। शुरुआत में उसने असहजता जताई, लेकिन भरोसा दिलाए जाने के बाद वह वहीं रुक गई।

आरोप है कि रात करीब 8 बजे केक काटने के बाद एक युवक दानिश ने उसे पिज्जा दिया। पिज्जा खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे नशा जैसा महसूस हुआ। इसके बाद वह किसी तरह कमरे में आराम करने गई, जहां आरोपी ने दरवाजा बंद कर उसकी हालत का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म किया।


पीड़िता ने बताया कि सुबह होश आने पर उसने खुद को खून से लथपथ पाया और उसकी हालत गंभीर थी। उसने अपने एक दोस्त को घटना की जानकारी दी, जिसने उसे हॉस्टल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर 11 अप्रैल को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।


अस्पताल में भर्ती होने के बाद सहेली की सूचना पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। लालपुर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया और तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दानिश, सहेली ओली विश्वकर्मा और एक अन्य आरोपी फहद को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply