RCS-UDAN योजना: झारखंड के 6 हवाई अड्डों का होगा विकास, केंद्र ने दी बड़ी जानकारी

Spread the love

रांची: क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में झारखंड के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने RCS-UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत राज्य के छह हवाई अड्डों को विकास के लिए चयनित किया है। यह जानकारी राज्यसभा में नागरिक विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने सांसद परिमल नथवाणी के प्रश्न के उत्तर में दी।


चयनित हवाई अड्डों में बोकारो, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर और डाल्टनगंज शामिल हैं। इनमें जमशेदपुर और देवघर हवाई अड्डे पहले से परिचालन में हैं, जबकि बोकारो और दुमका का विकास कार्य पूरा हो चुका है। वहीं हजारीबाग और डाल्टनगंज में राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण विकास कार्य शुरू नहीं हो सका है।


केंद्र सरकार ने बताया कि झारखंड में हवाई अड्डा अवसंरचना के विकास के लिए 122.04 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 117.61 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।


सरकार ने यह भी बताया कि 4 जुलाई 2026 से संशोधित उड़ान योजना लागू की गई है। इसके तहत अगले 10 वर्षों में 120 नए गंतव्यों को जोड़ने और 4 करोड़ यात्रियों को हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत पर्वतीय, आकांक्षी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में छोटे हवाई अड्डों और हेलीपैड के विकास को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

Leave a Reply