
रांची। सेवा भारती, रांची महानगर की सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एवं संत रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर वार्षिकोत्सव सह बाल मेला तथा “भारत स्वावलंबन की ओर” महिला कार्यशाला का भव्य आयोजन रविवार को न्यू एजी को-ऑपरेटिव कॉलोनी, कडरू मैदान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वावलंबन केंद्र की महिलाओं के लिए देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्वावलंबन गोष्ठी की मुख्य अतिथि श्रीमती रोशनी खलखो (पूर्व पार्षद) ने कहा कि स्वावलंबी और सशक्त मातृशक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। यदि परिवार की महिला शिक्षित एवं संस्कारित हो, तो पूरे परिवार का मार्गदर्शन सशक्त होता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीमती उषा जालान (केंद्रीय उपाध्यक्ष, एकल अभियान) ने कहा कि सेवा भारती के स्वावलंबन आयामों के माध्यम से अभावग्रस्त महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है। सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं आज स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

देशभक्ति समूह गीत प्रतियोगिता की निर्णायक डॉ. सुपर्णा बरूवा (प्रसिद्ध संगीतज्ञ) एवं श्रीमती सुजाता मजुमदार (संगीत शिक्षिका, रांची महिला महाविद्यालय) ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम की भूमिका सेवा भारती की न्यासी श्रीमती सोनी मेहता ने रखी, जबकि धन्यवाद ज्ञापन स्वावलंबन प्रशिक्षण प्रमुख श्रीमती संयुक्ता देवी ने किया।

एक दिवसीय बाल मेले में मुंबई से आए ट्रेन मैन आशीष द्वारा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर स्वावलंबन केंद्र की महिलाओं द्वारा स्वनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं विक्रय केंद्र भी लगाए गए।

सार्वजनिक कार्यक्रम में सेवा बस्तियों के लगभग 2000 बच्चों ने सामूहिक मंत्रोच्चार, योगासन, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। जगन्नाथपुर संस्कार केंद्र के 250 बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नागपुरी नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम के अतिथियों का स्वागत एवं परिचय महानगर अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने किया। वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महानगर सचिव श्याम टोरका ने बताया कि वर्तमान में रांची नगर में 115 सेवा कार्य संचालित हैं, जिन्हें विस्तार देकर 250 सेवा कार्यों तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हटिया विधायक नवीन जयसवाल ने कहा कि सेवा भारती वंचित एवं उपेक्षित बस्तियों में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि श्रीमती मीरा मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा भारती समाज के वंचित, उपेक्षित और अभावग्रस्त परिवारों के बीच सेवा, संस्कार और स्वावलंबन के माध्यम से सर्वांगीण विकास का कार्य कर रही है। सेवा कार्य पवित्र होते हैं और इन्हीं के माध्यम से समरस समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा भारती, प्रांतीय पदाधिकारी, सेवा भारती के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।