100% छात्रवृत्ति की घोषणा के साथ संपन्न हुआ शिक्षा गौरव सम्मान 5.0

Spread the love

रांची: विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और छात्रवृत्ति के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्लोबस एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा “शिक्षा गौरव सम्मान 5.0” का भव्य आयोजन होटल रेडिसन ब्लू, रांची में किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षाविद्, विद्यार्थी, अभिभावक और देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची के विधायक सी. पी. सिंह रहे, जबकि जैक बोर्ड अकादमी के सचिव आर. प्रसाद सहित राज्य के कई प्रतिष्ठित शिक्षाविदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों, करियर विकल्पों और छात्रवृत्ति योजनाओं से जोड़ना था।



ग्लोबस एजुकेशन फाउंडेशन के संस्थापक एवं सीईओ गौरव राजपूत ने कहा कि सही मार्गदर्शन और उचित अवसर मिलने पर विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा गौरव सम्मान 5.0 विद्यार्थियों और विश्वविद्यालयों के बीच एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य कर रहा है।



इस अवसर पर वर्ष 2026 की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में देश के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों ने हिस्सा लिया। सबसे बड़ा आकर्षण असम डाउन टाउन विश्वविद्यालय की ओर से योग्य एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए 100 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति की घोषणा रही। इस पहल का विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने स्वागत किया।

आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, करियर संबंधी सलाह लेने और अपनी रुचि के अनुसार उच्च शिक्षा के विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए लंच की व्यवस्था भी की गई।

शिक्षा गौरव सम्मान 5.0 विद्यार्थियों के करियर निर्माण, उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता और छात्रवृत्ति के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply