
रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने मंगलवार देर रात शहर की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। आधी रात को एसएसपी स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा कर पुलिस की सतर्कता और कार्यप्रणाली का जायजा लेने निकले।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी जब हिंदपीढ़ी थाना पहुंचे तो वहां थाना प्रभारी और ओडी प्रभारी दोनों ही अनुपस्थित मिले। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
इसके बाद एसएसपी अरगोड़ा थाना पहुंचे, जहां थाना का मुख्य गेट बंद मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि थाना का गेट 24 घंटे खुला रहना चाहिए, ताकि किसी भी समय आने वाले आम नागरिक अपनी शिकायत आसानी से दर्ज करा सकें।

एसएसपी राकेश रंजन का यह औचक निरीक्षण पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजधानी में अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।