
रांची, 7 जून 2026: सेवा भारती रांची भाग-3 द्वारा आयोजित समर कैंप सह नगर वार्षिकोत्सव रविवार को चुटिया स्थित साईं कॉलोनी के श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रांची महानगर के अंतर्गत भाग-3 के तीन नगरों के बाल संस्कार केंद्रों के बच्चे, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की महिलाएं तथा गणमान्य नागरिकों सहित कुल 310 लोगों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने सामूहिक ब्रह्मनाद, गायत्री मंत्रोच्चार, गीता श्लोक, भजन, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की महिलाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
नृत्य प्रशिक्षक शुभम कुमार ने बच्चों को विभिन्न मुद्राओं में नृत्य कला का प्रशिक्षण देकर कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। कार्यक्रम के दौरान श्रीराम नगर स्थित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त आठ महिलाओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एवं समाजसेवी सीए विनोद बांका ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा भारती बच्चों में संस्कार निर्माण तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। समाजसेवी रोहित प्रसाद ने कहा कि ऐसे सेवा कार्यों में समाज के प्रत्येक वर्ग को बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व अपर आयुक्त, कोयला खान भविष्य निधि ए.के. सिन्हा तथा जवाहर विद्या मंदिर श्यामली के पूर्व उप-प्राचार्य संजय कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन किशोरी विकास आयाम की महानगर प्रमुख सपना सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सेवा भारती रांची भाग-3 के अध्यक्ष परमानंद कुजारा ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के बीच कॉपी, कलम एवं बिस्किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर भाग-3 के उपाध्यक्ष सुमित कुमार सिंह, ओम प्रकाश जलान, श्रीमती रश्मि मिश्रा, महावीर प्रसाद, नगर निरीक्षिकाएं, शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
