मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी की मुलाकात, कोयला खनन व झरिया मास्टर प्लान पर हुई अहम चर्चा ।

Spread the love

रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज Hemant Soren से केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री G Kishan Reddy ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर राज्य सरकार, कोयला मंत्रालय एवं कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच कोयला खनन क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में झरिया मास्टर प्लान, बेलगढ़िया टाउनशिप परियोजना, कोल माइंस हेतु भूमि अधिग्रहण, रैयतों के मुआवजा एवं नौकरी, विस्थापितों के पुनर्वास, सीएसआर फंड के उपयोग, सरकारी भूमि मुआवजा, खनन कार्य पूर्ण हो चुके भूमि की वापसी तथा कोल परियोजनाओं के संचालन में आ रही बाधाओं जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झरिया मास्टर प्लान और बेलगढ़िया टाउनशिप परियोजना राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल हैं, जिनके माध्यम से विस्थापित परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने झरिया मास्टर प्लान के लिए पूर्णकालिक सीईओ की नियुक्ति सहित परियोजनाओं की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया।

केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कोल खनन परियोजनाओं के संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और केंद्र व राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक में खनिज रॉयल्टी, अवैध खनन पर नियंत्रण, स्थानीय लोगों को रोजगार, खदान क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास कार्यों को गति देने पर सहमति बनी।

इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम, सीसीएल एवं बीसीसीएल के सीएमडी सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply