रांची में गॉलब्लैडर सर्जरी के बाद महिला की मौत, अस्पताल और डॉक्टर पर गंभीर आरोप

Spread the love

झारखंड विधानसभा की कनीय सचिवालय सहायक श्रीमती अंजना तिवारी की मौत के बाद रांची के निजी अस्पताल और इलाज प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि श्रीमती अंजना तिवारी 24 मई 2026 को रांची स्थित एक निजी अस्पताल में सामान्य गॉलब्लैडर (Gallbladder) ऑपरेशन के लिए भर्ती हुई थीं। परिजनों के अनुसार भर्ती के समय उनकी सभी चिकित्सीय जांच सामान्य थीं और वे स्वयं चलकर अस्पताल पहुंची थीं।


परिजनों का आरोप है कि एक सामान्य ऑपरेशन के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जानकारी के अनुसार ऑपरेशन के बाद उन्हें 8 यूनिट रक्त और 2 यूनिट प्लाज्मा चढ़ाया गया, जिसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के दौरान artery puncture होने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। साथ ही multiple organ failure जैसी स्थिति भी सामने आई।


स्थिति गंभीर होने पर उन्हें उसी रात भगवान महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 26 मई 2026 की सुबह लगभग 9 बजे उनकी मृत्यु हो गई।


मृतका अंजना तिवारी झारखंड विधानसभा में कनीय सचिवालय सहायक के पद पर कार्यरत थीं। वे विधवा थीं और उनके परिवार में 16 वर्षीय एकमात्र पुत्री है। इस घटना के बाद परिजनों और परिचितों में भारी आक्रोश है।


परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग स्वास्थ्य व्यवस्था की जवाबदेही को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply