
रांची। झारखंड के युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। राज्य सरकार के नागर विमानन विभाग के अंतर्गत संचालित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले माह से शुरू होने की संभावना है।
संस्थान के एयर होस्टेस एवं ग्राउंड क्रू ट्रेनिंग विभाग द्वारा डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के लिए चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, संचार कौशल, अंग्रेजी भाषा की दक्षता, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और विमानन क्षेत्र के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया गया।
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने बताया कि देश में विमानन क्षेत्र के विस्तार के साथ रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। संस्थान का उद्देश्य झारखंड के युवाओं को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षित युवाओं के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग, यात्री सेवा और एविएशन हॉस्पिटैलिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।
साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की प्रथम वरीयता सूची अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है। नामांकन और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
