
ओरमांझी (रांची): रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत बुंडू गांव में महामानव बाबा कार्तिक उरांव की 102वीं जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। 29 अक्टूबर 2026 को महामानव बाबा कार्तिक उरांव स्मारक समिति, बुंडू के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बाबा कार्तिक उरांव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही, सामाजिक सेवा की पहल के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के बीच कंबल वितरित किए गए।

मुख्य अतिथियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव और समाजसेवी सोनू खलखो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने बाबा कार्तिक उरांव के स्मारक पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद मां सुगनी उरांव स्टेज का फीता काटकर उद्घाटन किया गया और कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।
शिक्षा और सामाजिक एकता पर दिया गया जोर
कार्यक्रम के दौरान बाबा कार्तिक उरांव के जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को अपनाने की अपील करते हुए समाज में शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता, एकता और स्वाभिमान को मजबूत करने पर जोर दिया।

60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मिले कंबल
जयंती समारोह के अवसर पर सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति सम्मान प्रकट करना और ठंड के मौसम में उन्हें राहत पहुंचाना था।
आयोजकों ने कहा कि महामानव बाबा कार्तिक उरांव का जीवन आदिवासी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए शिक्षा, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक पहचान और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में महामानव बाबा कार्तिक उरांव स्मारक समिति, बुंडू के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बाबा कार्तिक उरांव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।