झारखंड की कला, संस्कृति और कारोबार का संगम, दिल्ली में मुख्यमंत्री ने खोला पवेलियन

Spread the love

नई दिल्ली/रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया। इस वर्ष झारखंड को मेले में फोकस स्टेट के रूप में भागीदारी का अवसर मिला है। पवेलियन की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है, जिसके माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास की संभावनाओं और सरकारी योजनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद रहे। पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ स्वागत किया गया।

महिला उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड हर वर्ष इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। इस वर्ष भी राज्य सरकार के विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों और विकास योजनाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं। ‘विकास और विरासत’ थीम के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी, कारीगरों और शिल्पकारों को मिल रहे प्रोत्साहन तथा राज्य में हो रही विकासात्मक पहलों को प्रमुखता दी गई है।

झारखंड के हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को मिला राष्ट्रीय मंच

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने झारखंड पवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली। पवेलियन में टसर सिल्क, हस्तशिल्प, महिला उद्यमिता और ग्रामीण उत्पादों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।

इस आयोजन के माध्यम से झारखंड के स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों और पारंपरिक कारीगरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ उनके लिए नए बाजार और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन विभाग के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply