झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ

Spread the love

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडे सिंह और संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।



उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड की समृद्ध जनजातीय और शास्त्रीय कला परंपराओं की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में बांसुरी वादन, विभिन्न जनजातीय नृत्य और आधुनिक नागपुरी संगीत की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक माहौल को खास बना दिया।

जनजातीय और नागपुरी कला की दिखी झलक

सांस्कृतिक संध्या में रांची के कुश कुमार करुवा ने बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी। इसके साथ ही मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली जनजातीय नृत्यों का समायोजन प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में गुरु तपन कुमार पटनायक के निर्देशन में सरायकेला छऊ नृत्य की प्रस्तुति हुई। वहीं, वर्षा लकड़ा एवं उनके दल ने आधुनिक नागपुरी नृत्य प्रस्तुत किया। महिला बैंड ‘द सजनी ग्रुप’ ने आधुनिक नागपुरी गायन और वादन से दर्शकों का मनोरंजन किया।

महोत्सव में लगाए गए लगभग 160 स्टॉल

सांस्कृतिक महोत्सव के साथ कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए हैं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल स्थापित किए हैं।

कुल लगभग 160 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें विभागों की उपलब्धियों, सरकारी योजनाओं और विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में गृह, कारा एवं आपदा विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम, खादी बोर्ड के निदेशक आलोक कुमार, उद्योग निदेशक विशाल सागर, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, पर्यटन सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


इसके अलावा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल और झारक्राफ्ट की मैनेजिंग डायरेक्टर गरिमा सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

तीन दिनों तक जारी रहेंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना, जनजातीय कलाओं को प्रोत्साहित करना और सरकार की विकास यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाना है।



आगामी दिनों में भी महोत्सव के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों और विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा।

Leave a Reply