झारखंड स्थापना दिवस समारोह में दिखेगी 24 जिलों की खास पहचान, खेलगांव में तैयारियां अंतिम चरण में

Spread the love

रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के मुख्य समारोह को लेकर राजधानी रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार समारोह में झारखंड के सभी 24 जिलों की खास पहचान, स्थानीय उत्पाद, पर्यटन स्थल और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है।

मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव सह आयोजन-सह-समन्वय समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तीन प्रमुख थीम पर आयोजित होंगी प्रदर्शनियां

झारखंड में 17 से 27 नवंबर तक स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत राज्य के सभी जिलों में तीन प्रमुख थीम पर प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ यानी एक जिला, एक उत्पाद, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ यानी एक जिला, एक पर्यटन स्थल और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी’ यानी एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि शामिल हैं।

इन प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रत्येक जिले के प्रमुख उत्पादों, पर्यटन स्थलों और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन की संभावनाओं और आर्थिक क्षमता को व्यापक पहचान दिलाना है। साथ ही स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को भी एक बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा

कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान पूजा सिंघल ने तैयारियों की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही समारोह को व्यवस्थित और भव्य बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य के इस महत्वपूर्ण अवसर पर आयोजन की तैयारियों में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के मनोज कुमार, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह, सदर एसडीओ कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के तहत आयोजित यह समारोह राज्य के सभी 24 जिलों की विशेष पहचान, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन की संभावनाओं को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।

Leave a Reply