पत्नी साक्षी का जन्मदिन मनाने पतरातू डैम पहुंचे एमएस धोनी, बोटिंग की और फैंस के साथ खिंचवाई सेल्फी

Spread the love

रांची/रामगढ़: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर झारखंड की वादियों में सुकून के पल बिताते नजर आए। गुरुवार देर शाम धोनी अपनी पत्नी साक्षी का जन्मदिन मनाने रामगढ़ स्थित पतरातू डैम पहुंचे। इस दौरान धोनी ने खुद कार ड्राइव की। उन्होंने डैम में बोटिंग का आनंद लिया और वहां मौजूद प्रशंसकों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इस दौरान धोनी बेहद खुश और मस्ती भरे अंदाज में नजर आए।

धोनी के पतरातू पहुंचने की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों के बीच उत्साह देखने को मिला। हालांकि, इस खास मौके पर एक सवाल भी चर्चा में है कि जब धोनी दुनिया के किसी भी खूबसूरत पर्यटन स्थल पर अपनी पत्नी का जन्मदिन मना सकते थे, तो उन्होंने पतरातू को ही क्यों चुना?



आखिर रांची और झारखंड से इतना लगाव क्यों रखते हैं धोनी?

इस सवाल का जवाब धोनी कुछ महीने पहले एक पॉडकास्ट में दे चुके हैं। पॉडकास्ट के दौरान एक शख्स ने उनसे पूछा था कि इतनी शोहरत और पैसा कमाने के बाद भी वह रांची में ही क्यों रहते हैं? जबकि उनके पास देश के किसी भी बड़े शहर में घर खरीदने का विकल्प है।

इस पर धोनी ने कहा था कि इसकी पहली वजह यह है कि उनका जन्म रांची में हुआ है। उनका घर रांची में है और बचपन की बहुत सारी यादें इसी शहर से जुड़ी हुई हैं। वह यहीं पले-बढ़े हैं और उन्होंने अपनी आंखों के सामने रांची को बदलते हुए देखा है।



धोनी ने बताया था कि उनकी और रांची की यात्रा साथ-साथ आगे बढ़ी है। वह शहर के कोने-कोने को जानते हैं। उनके दोस्त भी रांची में हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि जब वह रांची एयरपोर्ट पर उतरते हैं, तो उन्हें महसूस होता है कि अब वह घर पहुंच गए हैं।

कभी ढाबे पर तो कभी गांव में नजर आते हैं माही

रांची और झारखंड से धोनी का लगाव अक्सर देखने को मिलता है। कभी वह दोस्तों के साथ किसी साधारण ढाबे पर खटिया में बैठकर बटर चिकन और तंदूरी नान का स्वाद लेते नजर आते हैं, तो कभी घुटने की समस्या के लिए जड़ी-बूटी से उपचार कराने झारखंड के किसी गांव पहुंच जाते हैं।

इसके अलावा धोनी को बाइक राइडिंग का भी काफी शौक है। रांची की सड़कों पर उनका बाइक चलाते हुए नजर आना प्रशंसकों के लिए हमेशा खास रहता है।

दूसरे शहरों में भी है धोनी का आशियाना

हालांकि, ऐसा नहीं है कि धोनी का घर सिर्फ रांची में ही है। गुरुग्राम में भी उनका मकान है। मुंबई में भी उन्होंने समुद्र के सामने एक आलीशान घर बनवाया है। उनके दुबई में भी संपत्ति होने की चर्चाएं रही हैं।

लेकिन जब क्रिकेट और दूसरी पेशेवर जिम्मेदारियों से समय मिलता है, तो धोनी अक्सर अपने गृह राज्य झारखंड लौट आते हैं। शायद यही वजह है कि पत्नी साक्षी का जन्मदिन मनाने के लिए भी उन्होंने किसी बड़े शहर या विदेशी पर्यटन स्थल के बजाय झारखंड के खूबसूरत पतरातू डैम को चुना।

धोनी के लिए रांची सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि बचपन, दोस्ती, यादों और अपनेपन से जुड़ा वह ठिकाना है, जहां लौटकर उन्हें घर जैसा सुकून मिलता है।

Leave a Reply