पतरातू में बनेगा बाबा नीम करौली का भव्य मंदिर, वृद्धाश्रम और अनाथ आश्रम भी बनाने की योजना

Spread the love

रांची: झारखंड में बाबा नीम करौली की शिक्षाओं, विचारों और सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक बड़ी पहल शुरू की गई है। श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड की ओर से रामगढ़ जिले के पतरातू में बाबा नीम करौली का मंदिर बनाने की योजना तैयार की जा रही है। खास बात यह है कि इस आध्यात्मिक परिसर में मंदिर के साथ वृद्धाश्रम और अनाथ आश्रम भी बनाया जाएगा।

ट्रस्ट के प्रवक्ता दीपेश कुमार निराला के अनुसार, इस परियोजना पर पिछले दो वर्षों से काम चल रहा था। 8 सितंबर 2026 को श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड का विधिवत पंजीकरण कराया गया। वहीं, रांची के मोरहाबादी में ट्रस्ट का मुख्य कार्यालय स्थापित किया गया है।

पतरातू में एक एकड़ जमीन का हुआ चयन

ट्रस्ट की ओर से पतरातू के हरिहरपुर पंचायत (थाना बसल) में लगभग एक एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। फिलहाल यहां जमीन के समतलीकरण का काम चल रहा है। ट्रस्ट के मुताबिक, पूरे परिसर का मॉडल और विस्तृत प्रारूप इस साल के अंत तक तैयार होने की संभावना है। इसके बाद निर्माण से जुड़ी आगे की योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।

मंदिर के साथ बुजुर्गों और अनाथ बच्चों की सेवा का लक्ष्य

इस परियोजना का उद्देश्य सिर्फ मंदिर निर्माण तक सीमित नहीं है। ट्रस्ट धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा को भी बढ़ावा देना चाहता है। प्रस्तावित वृद्धाश्रम के माध्यम से जरूरतमंद बुजुर्गों को आश्रय और सहारा देने की योजना है। वहीं, अनाथ आश्रम के जरिए जरूरतमंद बच्चों की देखभाल, शिक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में काम करने का लक्ष्य रखा गया है।



छठ पर श्रद्धालुओं के बीच बांटी गई हनुमान चालीसा

ट्रस्ट की ओर से छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच 2100 हनुमान चालीसा का वितरण भी किया गया। ट्रस्ट का कहना है कि बाबा नीम करौली की शिक्षाओं के अनुरूप भक्ति, प्रेम, करुणा और मानव सेवा के संदेश को समाज तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

ट्रस्ट में शामिल हैं ये पदाधिकारी

श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट में मनीष कुमार अध्यक्ष, विश्वजीत पॉल उपाध्यक्ष, महेंद्र सिंह सचिव, राजेश कुमार गुप्ता संयुक्त सचिव, आनंद कुमार कोषाध्यक्ष, अविनाश कुमार मिश्रा सह-कोषाध्यक्ष, दीपेश कुमार निराला प्रवक्ता और धीरेंद्र मिश्रा सोशल मीडिया प्रभारी हैं।

इसके अलावा आनंद कुमार चितलांगिया, अभय कुमार तिवारी, आलोक कुमार राय, जयंत प्रसाद साहू, राकेश नारायण, अश्विनी कुमार, अभय कुमार और संजू कुमार ट्रस्ट के सदस्य हैं।

कौन हैं बाबा नीम करौली?

बाबा नीम करौली को नीम करौली बाबा और महाराजजी के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें भारत के प्रसिद्ध संतों में गिना जाता है। उनका जीवन हनुमान भक्ति, प्रेम, करुणा, मानव सेवा और जरूरतमंदों की मदद के संदेश से जुड़ा रहा है। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम उनका प्रमुख आश्रम है, जहां हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

पतरातू में प्रस्तावित यह परियोजना पूरी होने पर झारखंड में श्रद्धालुओं के लिए एक नया आध्यात्मिक केंद्र विकसित हो सकता है। हालांकि, फिलहाल जमीन के समतलीकरण का काम चल रहा है और निर्माण का विस्तृत प्रारूप तैयार होना बाकी है।

Leave a Reply