
रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) में सामने आई तकनीकी एवं मानवीय त्रुटियों को लेकर अभ्यर्थियों ने सरकार से न्याय की मांग तेज कर दी है। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बीते दिन और आज राज्य के कई मंत्रीगण एवं झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के समाधान के लिए सरकार और झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) से हस्तक्षेप करने की मांग की।

संघ के अनुसार, करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद 1 नवंबर 2026 को JTET-2026 परीक्षा राज्य के 986 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 5,65,916 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 4,85,243 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।
OMR शीट से लेकर एडमिट कार्ड तक की त्रुटियों का उठाया मुद्दा
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि परीक्षा के दौरान कई अभ्यर्थियों को OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U, V) अंकित नहीं कर पाने की समस्या का सामना करना पड़ा। इससे अभ्यर्थियों के मूल्यांकन और परिणाम को लेकर चिंता बनी हुई है।

इसके अलावा कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में शिक्षक श्रेणी, व्यक्तिगत विवरण और अन्य जानकारियों में त्रुटियां होने की बात भी सामने आई। वहीं, ऑनलाइन आवेदन के दौरान व्यक्तिगत विवरण और शिक्षक श्रेणी से संबंधित तकनीकी समस्याओं को भी उठाया गया।
संघ ने मांग की है कि इन सभी समस्याओं का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जल्द मुलाकात का दिया आश्वासन
JTET-2026 का मुद्दा कैबिनेट बैठक के दौरान भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष उठाया गया। संघ के अनुसार, मंत्री हाफिजुल हसन, योगेंद्र प्रसाद महतो और दीपिका पांडेय सिंह ने मुख्यमंत्री को अभ्यर्थियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए आवश्यक हस्तक्षेप का आग्रह किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल से जल्द मुलाकात करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है। संघ को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में अभ्यर्थियों की समस्याओं पर चर्चा होगी और समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इन मंत्रीगण और विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा गया ज्ञापन
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री हाफिजुल हसन, दीपक बिरुवा, योगेंद्र प्रसाद महतो, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह और झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

संघ की क्या है मांग?
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने मांग की है कि OMR शीट में बुकलेट सीरीज अंकित नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही एडमिट कार्ड और ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में हुई त्रुटियों का भी न्यायसंगत समाधान किया जाए।

संघ का कहना है कि लगभग 10 वर्षों के इंतजार के बाद आयोजित JTET परीक्षा लाखों प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी है। ऐसे में तकनीकी या मानवीय त्रुटियों का खामियाजा अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के अलावा राम कुमार मोदी, सुष्मिता मुर्मू, बबीता कुमारी, संतोष कुमार महतो, सूरज कुमार, सुरेश कुमार यादव सहित कई सदस्य और सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल थे।
