महागामा के 100 युवाओं को IAS-IPS बनने का मिलेगा मौका, ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ का शुभारंभ

Spread the love

महागामा: झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए सिविल सेवा में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। महागामा में गुरुवार को ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ का शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत चयनित 100 युवाओं को IAS, IPS, IRS, IFS समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।



भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर महागामा के गोविंदपुर में आयोजित कार्यक्रम में गोड्डा के डीडीसी वीएस यशवंत सहित अन्य अतिथियों ने योजना का उद्घाटन किया। त्विषा फाउंडेशन के प्रायोजन और अयांश द सिविल सर्विसेज के सहयोग से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।



700 युवाओं ने किया था आवेदन, 100 का हुआ चयन

राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर इस योजना के लिए 25 जुलाई से 5 अगस्त तक विधानसभा क्षेत्र के 10 से 15 स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार और काउंसलिंग आयोजित की गई थी।

योजना से जुड़ने के लिए कुल 700 युवाओं ने आवेदन किया था। इनमें से 500 अभ्यर्थी 16 अगस्त को आयोजित चयन परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा का परिणाम 25 अगस्त को जारी किया गया। इसके बाद 7 से 14 सितंबर तक इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी की गई। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 100 युवाओं का चयन किया गया है।



अनुभवी शिक्षकों से मिलेगा मार्गदर्शन

योजना के तहत चयनित युवाओं को सिविल सेवा की तैयारी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा। इसके माध्यम से युवाओं को IAS, IPS, IRS, IFS सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

शिक्षा में निरंतरता ही सफलता का मंत्र : वीएस यशवंत

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए गोड्डा के डीडीसी वीएस यशवंत ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा से घबराने की जरूरत नहीं है। यह अपनी प्रतिभा और क्षमता को साबित करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति स्पष्टता, मेहनत, आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी है। रास्ते में चुनौतियां आएंगी और कभी परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं होंगे, लेकिन युवाओं को अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। लगातार प्रयास और लगन से सफलता हासिल की जा सकती है।

चयनित युवाओं ने जताई खुशी

कार्यक्रम में चयनित छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। ज्योति श्वेतलाना मरांडी, छोटी सिमरन, आयशा फिरदौस, अंजलि सिन्हा, करुणा केशरी और सानू कुमार शर्मा सहित अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि उनके लिए यह अवसर किसी सपने के सच होने जैसा है।

छात्रों के अनुसार बड़े शहरों में सिविल सेवा की कोचिंग का खर्च उनके परिवारों के लिए उठाना मुश्किल था। ऐसे में अपने ही क्षेत्र में निःशुल्क कोचिंग मिलने से उन्हें देश का अधिकारी बनने की तैयारी करने का बेहतर अवसर मिला है।

इस पहल से महागामा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम होगी। अब चयनित युवा अपने क्षेत्र में रहकर अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

कार्यक्रम में महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, एसडीपीओ वरुण रजक, सीओ डॉ. खगेन महतो, बीडीओ सोनाराम हांसदा, अयांश के निदेशक राहुल कुमार एवं प्रियंका, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य हेनाफख, इंटर कॉलेज महागामा के प्राचार्य बिभूति रंजन, सेंट माइकल स्कूल के प्राचार्य बीजू कंकल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply