राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास के पुस्तकालय का किया निरीक्षण, समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

Spread the love

राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने राँची के करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में उनके द्वारा बनवाए गए पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर पुस्तकालय की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यकताओं एवं विभिन्न समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सांसद श्री नाथवानी जी ने यह भी जानने का प्रयास किया कि पुस्तकालय में प्रतिदिन कितने छात्र-छात्राएं अध्ययन करते हैं तथा इस पुस्तकालय से पढ़ाई कर कितने विद्यार्थी विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी सेवाओं में अपना स्थान बना चुके हैं। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले कितने विद्यार्थी अधिकारी, शिक्षक, रक्षा सेवाओं (डिफेंस) एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपना योगदान दे रहे हैं। उनका उद्देश्य पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं भविष्य की प्रगति को समझना था।

इस अवसर पर पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याओं से माननीय सांसद जी को अवगत कराया। विद्यार्थियों ने बताया कि वर्तमान में पुस्तकालय में पर्याप्त पुस्तकों का अभाव है। इसके अलावा पढ़ाई के लिए टेबल-कुर्सियों की समुचित व्यवस्था नहीं है। पुस्तकालय में बिजली, लाइट एवं पंखों की समस्या के साथ-साथ शौचालय में पानी की कमी तथा पीने के स्वच्छ पानी की भी गंभीर समस्या बनी हुई है।

छात्र-छात्राओं ने बताया कि पुस्तकालय की बुनियादी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को किसी तरह सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुस्तकालय में पढ़ने वाले विद्यार्थी स्वयं आपस में पैसे एकत्रित करते हैं और उससे आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने का प्रयास करते हैं। इसके बावजूद आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण पुस्तकालय की कई मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

विद्यार्थियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनने के बाद माननीय राज्यसभा सांसद श्री परिमल नाथवानी जी ने आश्वासन दिया कि उनके द्वारा निर्मित इस पुस्तकालय की स्थिति में सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने पुस्तकालय के मरम्मत कार्य के साथ-साथ बिजली, पानी, लाइट, पंखे, टेबल-कुर्सी एवं आवश्यक पुस्तकों की व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं को पूरा करने का आश्वासन दिया।

छात्र-छात्राओं ने उम्मीद जताई कि माननीय सांसद जी की इस सकारात्मक पहल से पुस्तकालय की व्यवस्था बेहतर होगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

पुस्तकालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के युवाओं के सपनों, संघर्षों और भविष्य को नई दिशा देने का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी बेहतर व्यवस्था से आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर आदिवासी छात्र संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुशील उरांव उपस्थित रहे। साथ ही पीजी छात्रावास के छात्र प्रमुख बिरसा उरांव, यदुवंश छात्रावास छात्र प्रमुख सुनील उरांव, प्रकाश भगत, सुमित तिग्गा, प्रदीप उरांव, बबलू उरांव, सचिन भगत सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Reply