
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं स्वर्गीय श्रीमती रूपी सोरेन के निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। गुरुवार को रांची के मोरहाबादी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोग पहुंचे और स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्य सरकार के मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सांसद विजय हांसदा, सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो समेत कई विधायक, पूर्व मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।

सभी ने स्वर्गीय रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में आम लोग भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और शोक संतप्त सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

इस मौके पर उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की कामना की।

रूपी सोरेन के निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की भावना है। उनका अंतिम संस्कार आज पैतृक गांव नेमरा में किया जाना है।

