
रांची, 5 सितंबर 2026: सेवा भारती, झारखंड की ओर से ‘सेवा सुरभि’ के 27वें वार्षिक विशेषांक ‘विश्वगुरु भारत’ के लोकार्पण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसे लेकर शनिवार को सेवा भारती महानगर कार्यालय में महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित बनाने को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को मंच संचालन, अतिथि सत्कार, आमंत्रण वितरण, मीडिया प्रबंधन और विधि-व्यवस्था समेत अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा भारती के ट्रस्टी गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि ‘विश्वगुरु भारत’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश के सांस्कृतिक और सामाजिक पुनरुत्थान का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सेवा भारती के कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि इस विचार को समाज के प्रत्येक प्रबुद्ध नागरिक और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

वहीं, प्रांतीय उपाध्यक्ष अखिलेश्वर नाथ मिश्र और महानगर अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और पूरी निष्ठा के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर 2026, रविवार को शाम 4 बजे पी.पी. कंपाउंड, मेन रोड स्थित गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में ‘सेवा सुरभि’ के 27वें वार्षिक विशेषांक ‘विश्वगुरु भारत’ का लोकार्पण किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सारंग मेधेकर करेंगे।
बैठक में पत्रिका संपादक मंडल के सदस्य अयोध्या नाथ मिश्र, डॉ. हरेंद्र सिन्हा, प्रो. कमल बोस समेत सेवा भारती के विभिन्न आयामों के प्रमुख और कार्यकर्ता मौजूद रहे।