
होर्मुज जलडमरूमध्य: होर्मुज जलडमरूमध्य में दो व्यावसायिक जहाजों पर हमले की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद समुद्री क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हमले के बाद भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, एमटी वैल्थेरा नामक जहाज में आग लग गई। हालांकि, इस जहाज पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित बताए गए हैं।
वहीं, पेट्रो डॉल्फिन नामक दूसरे जहाज से 9 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दो भारतीय नाविकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। लापता नाविकों की तलाश और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।
इस घटना पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जहाजों पर हुए हमलों की निंदा की है। होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में यहां जहाजों पर हमले की घटनाएं समुद्री सुरक्षा और वैश्विक व्यापार को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं।
फिलहाल, घटना के कारणों और हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।