मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में 3,044 युवाओं को मिलेगा नियुक्ति पत्र

Spread the love

रांची: झारखंड के 3,044 प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के लिए रोजगार से जुड़ी बड़ी पहल होने जा रही है। मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन 23 नवंबर 2026 को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस संबंध में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी और प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।

यह शिष्टाचार मुलाकात कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 3,044 प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

मुलाकात के दौरान प्रेझा फाउंडेशन के चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर मिनाक्षी कुमार, स्टेट लीड गवर्नमेंट इंगेजमेंट अमित वाल्मीकि और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चितरंजन सामंत राय भी उपस्थित रहे।

23 नवंबर को होगा कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 23 नवंबर को प्रोजेक्ट भवन सभागार, रांची में समारोह आयोजित होगा। इसमें प्रशिक्षित 3,044 छात्र-छात्राओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस आयोजन को राज्य में कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply