रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद! कांके रिंग रोड पर देर रात फायरिंग, घटनास्थल से मिले चार खोखे

Spread the love

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित गागी का है, जहां रविवार देर रात करीब 11:40 बजे अज्ञात अपराधियों ने विशाल हॉस्पिटल के सामने एचपी पेट्रोल पंप के पास फायरिंग कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।



घटनास्थल से मिले गोली के चार खोखे

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान गोली के चार खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी, डीएसपी और कांके थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की टीम फायरिंग के कारणों का पता लगाने और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

फायरिंग के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल फायरिंग की घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि हॉस्पिटल के दूसरी ओर शराब की एक दुकान है, जहां अक्सर नशे में धुत लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। हालांकि, फायरिंग की घटना का शराब की दुकान या वहां जुटने वाले लोगों से कोई संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अब सवाल यह है कि राजधानी रांची में देर रात हुई इस फायरिंग के पीछे कौन लोग शामिल हैं और आखिर गोलीबारी की वजह क्या है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे।

Leave a Reply