
Ramgarh News: रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर प्रखंड के नौवाबगीचा गांव में एक गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान डोली कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति यशवंत महतो और ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुलमी प्रखंड के जमीरा गांव निवासी डोली कुमारी ने करीब छह महीने पहले नौवाबगीचा गांव निवासी यशवंत महतो के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के महज छह महीने बाद गर्भवती अवस्था में उसकी मौत हो जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग जमीरा गांव से नौवाबगीचा पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि डोली के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई।
घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि डोली की मौत के वास्तविक कारणों का जल्द खुलासा किया जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल, इस मामले में मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।