
रांची: विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान बाल अधिकार, शिक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम, माहवारी स्वच्छता और बच्चों के बेहतर भविष्य जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

इस दौरान बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को अपने स्कूल और समुदाय में किए गए सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने, स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

बाल पत्रकारों ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बच्चों में गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी अपने अनुभव साझा किए।
सरकारी स्कूलों में शिक्षा और खेल को बेहतर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों के सवालों का सहजता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाया जा रहा है। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों में खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया गया है।
जिलों में बन रहे पुस्तकालय, स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के जिलों में पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है। शिक्षा से बच्चों में सही और गलत की समझ विकसित होती है। उन्होंने बाल विवाह को कानूनी अपराध बताते हुए कहा कि यह बच्चों के भविष्य और जीवन के लिए भी नुकसानदायक है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों एवं महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बच्चों की जागरूकता और आत्मविश्वास से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास उन्हें हमेशा आश्चर्यचकित करता है। बच्चे जिस स्पष्टता के साथ अपने अधिकारों की बात रखते हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज जो बच्चे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं, वे आगे चलकर बेहतर नेतृत्वकर्ता बन सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। हर बच्चे की आवाज सुनी जानी चाहिए, क्योंकि प्रत्येक बच्चे के विचार और सपने महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार सभी बच्चों को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
यूनिसेफ के प्रयासों की मुख्यमंत्री ने की सराहना
मुख्यमंत्री ने बच्चों के अधिकारों और उनके जीवन से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने के लिए यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के विचार सुनने से सरकार को उनकी वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भागीदार भी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल पत्रकार कार्यक्रम बच्चों को अपनी बात रखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का मंच प्रदान करता है।
यूनिसेफ झारखंड की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि बच्चों के विकास में गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियां और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियां बाधा बनती हैं। बच्चों पर आज किया गया निवेश समाज के बेहतर भविष्य की नींव रखेगा।

इस कार्यक्रम में रांची के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के 10 बाल पत्रकारों के साथ यूनिसेफ और एनबीजेके के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।





