हेमंत सोरेन ने माता स्वर्गीय रूपी सोरेन का दशकर्म संस्कार विधि-विधान से किया संपन्न, नेमरा में संस्कार भोज की तैयारी पूरी

Spread the love

नेमरा (रामगढ़), 17 अक्टूबर 2026: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रामगढ़ जिले के अपने पैतृक गांव नेमरा में अपनी पूजनीय माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के दशकर्म संस्कार की सभी पारंपरिक रस्में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों, परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों एवं परंपराओं के अनुरूप धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए।

दशकर्म संस्कार के अवसर पर मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों, परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित अनुष्ठानों में भाग लिया और दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नेमरा स्थित पैतृक आवास पर पहुंच रहे रिश्तेदार और शुभचिंतक

स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री के नेमरा स्थित पैतृक आवास पर रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों का सिलसिला जारी है। लोग मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

संस्कार भोज की तैयारियां पूरी, मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे निगरानी

स्वर्गीय रूपी सोरेन की स्मृति में आयोजित होने वाले संस्कार भोज को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले रिश्तेदारों, ग्रामीणों, शुभचिंतकों और अन्य आगंतुकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं तैयारियों और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

प्रशासन ने किए सुरक्षा और यातायात के इंतजाम

संस्कार भोज के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की हैं। वाहनों की पार्किंग, यातायात संचालन और आयोजन स्थल के आसपास सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है, ताकि संस्कार भोज शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply