
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मात्र 7 वर्षीय प्रतिभाशाली तैराक इशांक सिंह ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर पूरे देश का नाम रोशन कर दिया है।

इशांक ने 29 किलोमीटर लंबे पाल्क जलडमरूमध्य (Palk Strait) को तैरकर पार किया। उन्होंने यह कठिन सफर श्रीलंका के तलैमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक लगभग 9 घंटे 50 मिनट में पूरा किया।
इस अद्भुत उपलब्धि के साथ इशांक सिंह दुनिया के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए हैं, जिन्होंने इस चुनौतीपूर्ण समुद्री मार्ग को पार किया है।

यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और अटूट संकल्प की मिसाल है। इतनी कम उम्र में इस तरह की उपलब्धि हासिल कर इशांक ने यह साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो उम्र कभी भी बाधा नहीं बनती।
इशांक की इस सफलता से न केवल रांची और झारखंड, बल्कि पूरे देश में गर्व और खुशी की लहर है।
इशांक सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है