
रांची, 15 अगस्त 2026: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। सीसीएल मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।
सीसीएल के सीएमडी श्री निलेन्दु कुमार सिंह ने गांधीनगर कॉलोनी स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार सहित सीआईएसएफ के वरिष्ठ पदाधिकारी, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सीसीएल कर्मी मौजूद रहे।
सीएमडी श्री निलेन्दु कुमार सिंह ने सुरक्षा बलों एवं विद्यार्थियों की परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के वीर शहीदों के अद्वितीय पराक्रम को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का प्रतीक नहीं, बल्कि एक मजबूत और विकसित राष्ट्र के निर्माण के संकल्प का भी अवसर है।
उन्होंने कहा कि सीसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा के साथ-साथ झारखंड के औद्योगिक विकास और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में पिछले वर्ष की तुलना में अब तक कोयला उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, मगध परियोजना की क्षमता 20 एमटीवाई से बढ़ाकर 24 एमटीवाई करने तथा नई परियोजनाओं, फॉरेस्ट लैंड डायवर्जन और रेल साइडिंग के विकास में भी प्रगति हुई है।
सीसीएल द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कंपनी के पास वर्तमान में 32.3 मेगावाट की स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता है। बरका-सयाल क्षेत्र में 5 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र तथा गिरिडीह में 100 मेगावाट क्षमता वाले बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम से युक्त सौर परियोजना हरित ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 279 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 322 हेक्टेयर क्षेत्र में वृक्षारोपण किया गया।
सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सीसीएल के ‘Surplus Mine Water Utilization’ कार्यक्रम से करीब 140 गांवों के लगभग ढाई लाख लोगों को लाभ मिल रहा है। वहीं, पिपरवार क्षेत्र के बचरा में स्थापित ‘कोल नीर बॉटलिंग प्लांट’ महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तीकरण, स्थानीय रोजगार और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान सीएमडी, निदेशकगण, सीवीओ एवं अन्य अतिथियों ने तीन रंगों वाले गुब्बारे उड़ाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। सीसीएल के सुरक्षा जवानों, सीआईएसएफ, एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
डीएवी गांधीनगर, केंद्रीय विद्यालय एवं ज्ञानोदय स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। साथ ही, सीसीएल कमांड एरिया में संचालित डीएवी एवं केंद्रीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सीसीएल के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया गया, जिससे कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कर्मी भी कार्यक्रम से जुड़े।
इससे पूर्व निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने दरभंगा हाउस परिसर एवं गांधीनगर अस्पताल में ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सीएमडी श्री सिंह ने सीसीएल परिवार के परिश्रम, समर्पण और ईमानदारी की सराहना करते हुए सभी से सुरक्षा, पारदर्शिता और सतत विकास के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।