
रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) के सफल विदेश दौरे के बाद मंगलवार को रांची लौट आए। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल सहित आम नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में पहली बार झारखंड से 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में शामिल हुआ, जो राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। इस वैश्विक मंच पर विश्व के प्रमुख निवेशकों, उद्योगपतियों और नीति-निर्माताओं की सहभागिता रही।

एयरपोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड ने पहली बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। दावोस और लंदन के दौरान सरकार ने झारखंड की संभावनाओं, निवेश अवसरों और विकास मॉडल को वैश्विक पटल पर मजबूती से प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरे से प्राप्त अनुभवों का उपयोग राज्य के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, उद्योग और युवाओं के भविष्य को बेहतर दिशा देने में किया जाएगा। झारखंड की जल-जंगल-जमीन और यहां की अपार संभावनाओं को नई पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।



