
रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर रांची स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय मंत्री ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज दीपिका पांडेय सिंह ने बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया।

कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार एवं माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उपस्थित रहे और राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के आदर्श केवल ऐतिहासिक मूल्य नहीं हैं, बल्कि वे हमारे लोकतंत्र की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि बापू के विचार आज भी सामाजिक सद्भाव, न्याय और समावेशी राष्ट्र निर्माण की दिशा में हम सभी को प्रेरित करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज की संकल्पना गांधी जी के स्वराज और ग्राम स्वराज के विचारों से जुड़ी हुई है। राज्य सरकार इन्हीं मूल्यों के अनुरूप पंचायतों को सशक्त बनाने और गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित जनसमूह ने महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात करने एवं उन्हें अपने जीवन में उतारने का संकल्प दोहराया।



