
धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास पर बम फेंकने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सरायढेला–गोविंदपुर सड़क स्थित स्टील गेट के पास बने सिंह मेंशन पर रविवार देर रात अपराधियों ने दो बम फेंके, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 11:40 बजे की है। एक बम सिंह मेंशन के अंदर जबकि दूसरा गेट के पास फेंका गया। हालांकि दोनों बम सुतली बम थे, जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन तेज धमाकों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दो युवक बम फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं। अपराधी कोलाकुसुमा की ओर से आए और वारदात को अंजाम देकर गोविंदपुर की तरफ फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी समेत सरायढेला व धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिंह मेंशन झरिया विधायक रागिनी सिंह और उनके पति पूर्व विधायक संजीव सिंह का आवास है, जिस कारण सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
घटना के समय बंगले के अंदर विधायक के समर्थक मौजूद थे। बताया जा रहा है कि हमले से कुछ देर पहले ही संजीव सिंह बंगले पहुंचे थे। धमाके की आवाज सुनकर समर्थक बाहर निकले और काले रंग की थार गाड़ी में सवार कुछ लोगों को रिकॉर्डिंग करते हुए भागते देखा गया।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है।