
रांची | नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री और नामांकन की प्रक्रिया जारी है। आज 03 फरवरी 2026 को रांची समाहरणालय एवं बुण्डू अनुमंडल कार्यालय में बनाए गए निर्वाची पदाधिकारियों के कक्ष में अभ्यर्थियों ने अपने-अपने पदों के लिए नामांकन दाखिल किया।
महापौर पद के लिए कुल 10 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है। नामांकन दाखिल करने वालों में रमा खलखो, सुनील फकीरा कच्छप, देवी दयाल मुण्डा, कथरीना तिर्की, सोनू खलखो, राजेन्द्र मुण्डा, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, संजय कुमार टोप्पो एवं प्रवीण कच्छप शामिल हैं।
53 वार्डों में 197 प्रत्याशी, महिलाओं की मजबूत भागीदारी
नगर निगम क्षेत्र के सभी 53 वार्डों के लिए कुल 197 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है, जिनमें 118 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। यह आंकड़ा स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
वार्ड-वार नामांकन संख्या में वार्ड संख्या 34 में सर्वाधिक 16 नामांकन, जबकि वार्ड संख्या 14 में कोई भी नामांकन दर्ज नहीं हुआ है।
बुण्डू नगर पंचायत में भी नामांकन प्रक्रिया जारी
बुण्डू नगर पंचायत अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए 03 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 25 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया, जिनमें 12 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
जिला प्रशासन द्वारा नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। चुनावी प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जन शिकायत के लिए जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर अबुआ साथी – 9430328080 जारी किया गया है।