
रांची | राजधानी रांची के प्रेस क्लब में आज केंद्रीय सरना समिति द्वारा ‘सरहुल पूर्व संध्या’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के महिला मोर्चा का पुनर्गठन भी किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से एंजेल लकड़ा को केंद्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

समिति के केंद्रीय अध्यक्ष फुलचंद तिर्की ने एंजेल लकड़ा को प्रमाण पत्र प्रदान कर तथा फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रकृति का महापर्व ‘सरहुल पूजा महोत्सव’ इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।

उन्होंने समाज की एकता और मजबूती के लिए संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए लोगों से अपील की कि सरहुल शोभायात्रा में पारंपरिक संस्कृति को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में मांदर, ढोल और नगाड़ों के साथ शामिल हों तथा डीजे (DJ) का प्रयोग न करें।

फुलचंद तिर्की ने यह भी बताया कि सरहुल पर्व की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और सामाजिक संगठन मिलकर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम सुनिश्चित कर रहे हैं।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय सरना समिति के महासचिव संजय तिर्की, रांची जिला सरना समिति के अध्यक्ष अमर तिर्की, नंदा उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


