महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने कुष्ठ रोगियों संग मनाया ईस्टर, बांटा प्रेम और सेवा का संदेश

Spread the love

राँची | : ईसाई समुदाय का प्रमुख पर्व ईस्टर पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने समाज के सबसे वंचित वर्ग—कुष्ठ रोगियों—के बीच पहुंचकर प्रेम, सेवा और करुणा का अनोखा संदेश दिया।


ईस्टर के इस पावन अवसर पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद लेप्रोसी रिहैबिलिटेशन केंद्र, राधा रानी पहुंचे, जहां उन्होंने कुष्ठ रोगियों के साथ मिस्सा बलिदान अर्पित किया। उन्होंने प्रभु येसु ख्रीस्त के बलिदान और पुनरुत्थान को मानवता के उद्धार का प्रतीक बताते हुए सभी से शांति और प्रेम के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।


इससे पहले शनिवार देर रात लोयोला ग्राउंड में महाधर्माध्यक्ष की अगुवाई में विशेष रात्रि जागरण प्रार्थना संपन्न हुई। वहीं रविवार सुबह संत मारिया महागिरजाघर, राँची में उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ ईस्टर मिस्सा अर्पित कर सभी को शुभकामनाएं दीं।

राधा रानी केंद्र में मिस्सा के उपरांत महाधर्माध्यक्ष ने अपने स्नेह और करुणा का परिचय देते हुए मरीजों और उपस्थित लोगों के बीच मिठाई एवं भोजन का वितरण भी किया।
इस अवसर पर फादर असीम मिंज, टी.ओ.आर. के सेमिनेरियन, मिशनरीज सिस्टर्स ऑफ चैरिटी की धर्म बहनें, इलाजरत मरीज एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे।
ईस्टर का यह पर्व न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज के कमजोर और उपेक्षित वर्ग के प्रति प्रेम और सेवा की प्रेरणा भी देता नजर आया।

Leave a Reply